सांचौर। भारतीय जनता पार्टी की ओर से 41 प्रत्याशियों की सूची जारी होने के बाद पार्टी की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। भाजपा की आपसी लड़ाई खुलकर सामने आ रही है। वर्तमान जालोर-सिरोही सांसद देवजी पटेल को सांचौर का प्रत्याशी घोषित करने के बाद लगातार विरोध के सुर उठ रहे हैं। पूर्व विधायक जीवाराम और पूर्व प्रत्याशी दानाराम चौधरी चार पांच दिनों से प्रवास पर होने के बाद शुक्रवार शाम को सांचौर पहुंचने पर जगह-जगह स्वागत किया गया था। जिसके बाद शाम को सभा का आयोजन भी किया गया। वहीं शनिवार को भी भारतीय जनता पार्टी के 8 में से 6 मंडल अध्यक्षों ने अपने पद से सामुहिक इस्तीफा भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सी.पी जोशी को पत्र लिखकर भेजा। जिसमें सांचौर नगर मंडल अध्यक्ष पूरेन्द्र व्यास, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष सांवलाराम देवासी, टांपी-डूंगरी मंडल अध्यक्ष डूंगराराम जाट, केसुरी मंडल अध्यक्ष देवेन्द्रसिंह जानवी, अरणाय मंडल अध्यक्ष जैसाराम भील, चितलवाना मंडल अध्यक्ष माधाराम पुरोहित ने सामूहिक इस्तीफा भाजपा प्रदेशाध्यक्ष को पत्र लिखकर भेजा।