सरकार बदली, अब बदलेगी सरकारी जाजम, नपेंगे कई साहब


सरकार बदलने से आला अधिकारियों व कर्मचारियों की उड़ी नींद

जालोर–सांचौर दोनो जिलों में अरसे से जमे हैं कई अधिकारी-कर्मचारी

जालौर/सांचौर। सरकार बदलने के साथ अब जाजम भी हर सरकार में बदलती है, अब फिर से यही होने वाला है। प्रदेशभर में फेरबदल के साथ जालोर व सांचौर जिला भी इसमें शामिल रहेगा, और वैसे भी यहां तो कई भाजपाई पहले से ही भरे पड़े हैं। सत्ता परिवर्तन के बाद कई अधिकारी-कर्मचारी भी जान रहे हैं कि जालोर व सांचौर जिले से बोरी-बिस्तर कभी भी बंध सकते हैं तो कई ऐसे अधिकारी-कर्मचारी जिन्हें जिले से काफी दूर भेजा गया था, वे वापस जिले में आने के इंतजार में हैं। सत्ता परिवर्तन होने के साथ ही प्रशासनिक महकमे में कई अधिकारियों की नींद उड़ी हुई है। इन्हें अब तबादले का डर सता रहा है। यह माना जा रहा है कि पिछली कांग्रेस सरकार के समय में लम्बे समय से टिके अधिकारियों का तबादला हो सकता है। आगामी लोकसभा चुनाव को देखते हुए नेताओं ने इसकी तैयारियां भी शुरू हो गई है। जालोर व सांचौर जिले के भाजपा नेता अब अपने अपने क्षेत्र के कार्यकर्ताओं से अधिकारियों के बारे में फीड बैक ले रहे हैं। कांग्रेस के शासन में उपेक्षित रहे भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि नई सरकार में अब नई टीम फ्रंट पर आएगी और कांग्रेस सरकार में जो अधिकारी कार्यरत थे, उन्हें कहीं और भेजा जा सकता है। कई अधिकारियों ने तो रंग बदलते हुए दोनों जिलों में भाजपा के नव निर्वाचित विधायकों से सम्पर्क साधना शुरू कर दिया है। मुलाकात में उनके प्रति निष्ठा जता रह हैं। ऐसे में जल्द परिवर्तन होना तय माना जा रहा है।

अरसे से जमे हैं कई अधिकारी-कर्मचारी

वैसे तो जालोर व सांचौर जिले में कई अफसर-कर्मचारी आना नहीं चाहते, लेकिन कई ऐसे भी हैं जिन्हें जालोर व सांचौर खूब रास आया। ऐसे कई अधिकारी-कर्मचारी अरसे से दोनों जिले में जमे हुए हैं। कुछ ऐसे भी हैं जो पिछली सरकार में नेताओं के करीबी रहे हैं। जिले के जालोर व सांचौर नगर परिषद में ही कई कर्मचारी अरसे से कुर्सियों पर काबिज हैं। इनकी कार्यशैली को लेकर भाजपा नेताओं ने इन्हें आंखें भी दिखाई थी। नगर परिषद में एक साहब जमे हैं। चुनाव के कुछ दिनों पहले तबादला भी किया गया था, लेकिन आचार संहिता से पहले वापिस यहां लग गए। एक महकमे में भी एक साहब कई सालों से पदस्थ हैं। जनप्रतिनिधियों की जी-हुजूरी करते-करते इन साहब ने अपने नजदीकियों को भी मनचाही जगह पर लगाए रखा है। ऐसे कई साहब भाजपाइयों की लिस्ट में हैं।

-आगामी दिनों में दिखेगा फेरबदल

पिछली सरकार में नेताओं-जनप्रतिनिधियों ने अपने पसंदीदा अधिकारियों-कर्मचारियों को दोनों जिलोंं में लाकर उन्हें उपकृत किया था। इनमें से कई अधिकारी अपनी कार्यशैली से चर्चा विवाद में भी रहे थे। तब भाजपा के ही नेताओं ने इनसे यहां तक कहा था कि हमारी सरकार आने दो, देख लेंगे। जिले के एक नेता तो पिछले कई महीनों से यही कहता आ रहा है कि हमारी सरकार आने पर एक-एक को देख लेंगे। जितनी गड़बड़ करनी है कर लो, छोड़ेंगे नहीं। एक महकमे में एक साहब की तो अभी भाजपा के एक बड़े नेता से तकरार भी हुई थी। कई अधिकारियों ने भाजपा के कुछ युवा नेताओं को जमकर तेवर दिखाए थे।

-अब आ जाएंगे अपने घर

सांचौर में तैनात एक शिक्षक को पिछली सरकार में दूरस्थ जगह पर भेजा गया था, सत्ता बदलने के साथ इनका कहना था कि अब जल्द घर आ जाएंगे। इसी विभाग में पिछली सरकार में नेताजी ने अपने कई चहेतों को मनचाही जगह पर लगाकर विरोध में बोलने वाले कइयों को दूर भेज दिया था, अब ऐसे लोग खुशी से झूम रहे हैं क्योंकि वापस अपने घर आ जाएंगे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!